Top videos
लोकेशन अररिया
रिपोर्ट बिपुल कुमार कर्ण
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लेने पटेगना स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे जिलाधिकारी
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा अररिया प्रखंड अंतर्गत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पटेगना का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के पंजीकरण की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। मरीजों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्था की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में बेहतर व्यवस्था, स्वच्छता एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए आम लोगों को सुचारू रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। मौके डीपीएम स्वास्थ्य उपस्थित थे।
लोकेशन अररिया
जल–जीवन–हरियाली अभियान के तहत डीआरडीए सभागार में परिचर्चा आयोजित, जल एवं पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी का संदेश
3 नवंबर को जल–जीवन–हरियाली जागरूकता अभियान के तहत डीआरडीए सभागार, अररिया में ‘जल–जीवन–हरियाली : जन जागरूकता से सतत विकास की ओर सामूहिक पहल’ विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, हरियाली के विस्तार एवं सतत विकास के प्रति आमजनों को जागरूक करना तथा इन प्रयासों में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
परिचर्चा का शुभारंभ जिला पंचायत राज पदाधिकारी अररिया श्री मनीष कुमार, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, निदेशक एनईपी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जल–जीवन–हरियाली अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा सामूहिक दायित्व है। जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजनों से अपने दैनिक जीवन में जल संरक्षण एवं पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने तथा अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की अपील की।
कार्यक्रम को सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, निदेशक एनईपी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी, वरिष्ठ संवाददाता श्री सतीश कुमार ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने जल संरक्षण के विभिन्न उपायों, वर्षा जल संचयन, पौधारोपण, जलस्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही जल–जीवन–हरियाली अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जा सकता है।
परिचर्चा के दौरान अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, जल एवं हरित संसाधनों के संरक्षण के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाने तथा सतत विकास की दिशा में सामूहिक पहल को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
मौके पर रेंजर ऑफिसर वन प्रमंडल अररिया, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अररिया, एनडीआईओ, सामाजिक विकास प्रबंधक जीविका, सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि, मिशन प्रबंधक सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
लोकेशन अररिया
रिपोर्ट बिपुल कुमार कर्ण
‘गांव का संकल्प’ थीम पर नशामुक्ति जागरूकता अभियान तेज, जीविका दीदियों ने निकाली प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
जिलाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन के दिशा-निर्देश में संचालित नशामुक्त बिहार अभियान के तहत द्वितीय सप्ताह की ‘गांव का संकल्प’ थीम पर जिले में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 03 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को नशे के दुष्परिणामों तथा नशामुक्त जीवन के लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
इस क्रम में फारबिसगंज प्रखंड के तीन CLF अन्नपूर्णा, पद्मा रेणु एवं समर्पण तथा जोकीहाट प्रखंड के पांच CLF भारत, विश्वास, सहारा, जय हिन्द एवं प्रतिज्ञा के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें जीविका दीदियों, जीविका के पदाधिकारियों, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अररिया के सदस्यों तथा मद्यनिषेध विभाग की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकालकर नशामुक्ति का संदेश दिया गया। साथ ही, लोगों को नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए अपने गांव एवं पूरे जिले को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
वहीं, मद्यनिषेध विभाग, अररिया की ओर से अररिया सदर अस्पताल, जयप्रकाश नगर, फारबिसगंज रेलवे स्टेशन परिसर एवं फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के दुष्परिणामों, परिवार एवं समाज पर इसके नकारात्मक प्रभाव तथा नशामुक्ति से होने वाले लाभों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले में 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक नशामुक्त बिहार अभियान के तहत सघन जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत 27 से 31 अक्टूबर तक ‘नगर की प्रतिज्ञा’ थीम पर गतिविधियां आयोजित की गई है। वहीं, 01 से 07 नवंबर तक ‘गांव का संकल्प’, 08 से 16 नवंबर तक ‘पर्व और परिवार’ तथा 17 से 25 नवंबर तक ‘युवा जोश’ थीम पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 नवंबर को नशामुक्ति दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे।
• हर जन का हो एक ही विचार, नशामुक्त हो अपना बिहार!"
• "नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो, खुशहाली से नाता जोड़ो।"
लोकेशन अररिया
रिपोर्ट बिपुल कुमार कर्ण
कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्र में किए गए कार्यों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
जिले में विभिन्न सरकारी संस्थानों की आधारभूत संरचना, स्वच्छता एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित कायाकल्प अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों का जिलाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने अररिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बोची, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पटेगना तथा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-394, स्कूल टोला, वार्ड संख्या-03 का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बोची में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, साफ-सफाई एवं शैक्षणिक वातावरण का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए बच्चों के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। इसी प्रकार जिलाधिकारी ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पटेगना का निरीक्षण किया।
वहीं रामपुर पूर्वी पंचायत अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-394, स्कूल टोला, वार्ड संख्या-03 का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिवादन किया तथा कविता सुनाकर स्वागत किया। बच्चों की प्रस्तुति एवं उत्साह को देखकर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी सरकारी संस्थानों में स्वच्छता, सुव्यवस्थित आधारभूत सुविधाओं एवं बेहतर कार्य वातावरण को प्राथमिकता दें। साथ ही, कायाकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप किए गए कार्यों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करें, ताकि आमजन, विद्यार्थियों एवं बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।